
भारतीय क्रिकेट में एक बार फिर से कप्तानी को लेकर विवाद छिड़ गया है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनोज तिवारी ने हाल ही में रोहित शर्मा से कप्तानी छीने जाने के फैसले पर बीसीसीआई की कड़ी आलोचना की है।
तिवारी ने इस फैसले को ‘अपमानजनक और अनुचित’ करार देते हुए कहा कि रोहित का भारतीय क्रिकेट में योगदान अतुलनीय रहा है और उन्हें इस तरह हटाना बिल्कुल गलत संदेश देता है।
मनोज तिवारी ने कहा, “रोहित शर्मा ने भारत को कई यादगार जीत दिलाई हैं। कप्तानी से हटाने के पीछे कोई ठोस कारण नहीं दिखता। अगर किसी कप्तान से परिणामों की उम्मीद की जाती है, तो रोहित ने वो नतीजे लगातार दिए हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि ऐसे फैसले खिलाड़ियों के मनोबल को प्रभावित कर सकते हैं और बीसीसीआई को अपने निर्णयों पर गंभीरता से पुनर्विचार करना चाहिए।
रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने कई अहम टूर्नामेंट्स में शानदार प्रदर्शन किया था, और क्रिकेट प्रशंसक अब इस फैसले को लेकर सोशल मीडिया पर मिश्रित प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।


